आदमी ही तो है वह... - पंकज सुबीर

पंकज सुबीरपंकज सुबीर11 Sept 1975

5 min read · 12.4K reads

आदमी ही तो है वह
फिर क्यों उम्मीद कर रहे थे तुम
कि उसके होगी बाकायदा एक रीढ़ की हड्डी भी
कि वह नहीं लपलपायेगा जीभ
और ना ही टपकायेगा लार
कि मौका आने पर नहीं लौट जाएगा वह
उन्हींह सड़ांध मारते बजबजाते पैरों पर
जिनकी करता रहा है वह उम्र भर आलोचना
आदमी ही तो है वह
फिर क्यों उम्मीद कर रहे थे तुम
कि उसके होगी एक आत्मा भी
बाकायदा
वही आत्मा जिसे कहा जाता है
किसी परमात्मा टाइप की चीज का अंश
कि वह चुनेगा हमेशा
विद्रोह और अवसर में से
विद्रोह को
आदमी ही तो है वह
फिर क्यों उम्मीद कर रहे थे तुम
कि वह नहीं बनेगा हिस्सा
किसी व्यवस्था का
कि वह आदमी है इसलिये नहीं करेगा रक्तपान
कि वह परखेगा नैतिकता सीढ़ियों की
उन पर चढ़ने से पहले
कि वह ऐसा कुछ भी नहीं करेगा
जो नहीं करना चाहिये आदमी को
क्यो उम्मीद कर रहे थे तुम
जानते हुए भी कि
एक आदमी ही है वह
पंकज सुबीर
About the poet

पंकज सुबीर

View profile & all 46 Poems / Stories