संशयात्मा - पंकज परिमल

पंकज परिमलपंकज परिमल25 Sept 1964

4 min read · 12.3K reads

मैं विनष्ट होने का ख़तरा उठाकर भी
अपनी आत्मा में
संशय को जीवित रखना चाहता हूँ
 
इस विपरीत समय में
मैं विपरीत बुद्धि से काम लेने से
बाज नहीं आना चाहता
मैं जंगलों में
जीवन की अनन्त सम्भावनाएँ छोड़कर
एक दिन भागूँगा शहर की ओर
जहाँ मृत्यु सजधज कर
मेरी प्रतीक्षा कर रही होगी
 
रँग की नाँद में गिरने पर भी
दुर्भाग्य मेरा पीछा नहीं छोड़ेगा
मेरा राज करना भी
मेरी अकाल-मृत्यु का कारण बनेगा
एक दिन
फिर भी मैं ज़रूर ढूँढ़ लूँगा
अपनी शक्ति-भर
राज करने की सम्भावनाएँ

तथाकथित खट्टे अँगूरों के लिए
मैं बार-बार उछलूँगा
और अपनी हड्डियाँ तुड़वाऊँगा

अच्छा मित्र !
तुम्हारी नीतिकथाओं, सूक्तियों
और चेतावनियों के लिए
तुम्हारा बहुत-बहुत धन्यवाद
पंकज परिमल
About the poet

पंकज परिमल

View profile & all 28 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like