क्रोध में आई अगर तो - ओमप्रकाश यती

ओमप्रकाश यतीओमप्रकाश यती3 Sept 1959

3 min read · 12.4K reads



क्रोध में आई अगर तो ज़िंदगी ले जाएगी
घर, मवेशी, खाट,छप्पर सब नदी ले जाएगी

हैं अभी खुशियाँ,अभी मिल जाएगी ऐसी खबर
जो लबों पर आह रख देगी, हँसी ले जाएगी

जब अँधेरों में चलेंगे, है भटकना लाज़िमी
मंज़िलों की ओर तो बस रोशनी ले जाएगी

साँस जितनी भी मिली है नेकियाँ करते चलो
मौत चुपके से किसी दिन धौंकनी ले जाएगी

जो मेरी तन्हाइयों में पास आती है मेरे
महफ़िलों में भी मुझे वो शाइरी ले जाएगी

ओमप्रकाश यती
About the poet

ओमप्रकाश यती

View profile & all 62 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like