मेरे पुरखे

ओमप्रकाश वाल्‍मीकिओमप्रकाश वाल्‍मीकि30 Sept 1950 – 17 Sept 2013

1 min read · 12.4K reads

तुमने कहा—

ब्रह्मा के पाँव से जन्मे शूद्र

और सिर से ब्राह्मण

उन्होंने पलट कर नहीं पूछा—

ब्रह्मा कहाँ से जन्मा?

तुमने कहा—

सेवा ही धर्म है शूद्र का

उन्होंने नहीं पूछा—

बदले में क्या दोगे?

तुम ख़ुश थे—

ग़ुलामी पाकर

वे भी ख़ुश थे

तुम्हारी ख़ुशी देखकर

सौंपकर अपनी तमाम शक्ति

तुम्हारे हाथों में।

तन पर कपड़े नहीं

पेट में अन्न नहीं

ज़ख़्म इतने फिर भी

वे हँसते थे

तुम्हें हँसता देखकर!

वे नहीं जानते थे

क़वायद करना

लूटना—

निर्बल और असहाय को!

नहीं जानते थे

हत्या करना

वीरता की पहचान है

लूट-खसोट अपराध नहीं

संस्कृति है।

कितने मासूम थे वे

मेरे पुरखे

जो इंसान थे

लेकिन अछूत थे!

ओमप्रकाश वाल्‍मीकि
About the poet

ओमप्रकाश वाल्‍मीकि

View profile & all 42 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

इंसाफ़अगर लोग इंसाफ़ के लिए तैयार न हों।और नाइंसाफ़ी उनमें विजय भावना भरती हो,— फ़रीद ख़ाँमाफ़ीसबसे पहले मैं माफ़ी माँगता हूँ हज़रत हौव्वा से।मैंने ही अफ़वाह उड़ाई थी कि उस ने आदम को बहकाया था— फ़रीद ख़ाँकिसान और आत्महत्याउन्हें धर्मगुरुओं ने बताया था प्रवचनों मेंआत्महत्या करने वाला सीधे नर्क जाता है— हरीशचंद्र पांडेसमझ लेना किअपरिचित लोगों से भी हो जाते हैं अपनेपरिचित रिश्ते— हरि मृदुलयह याददाश्त की कमज़ोरी नहीं हैयाद रखने की गुंज़ाइशें दिन-ब-दिन कम होती जा रही हैंग़ैरज़रूरी नंबरों की तरह लोग डिलीट किए जा रहे हैं— ललन चतुर्वेदीधनबर और रतनीआई उजान* में भाठी* की रतनीह्दय-माधुरी लेकर— लक्ष्मीनाथ बेजबरुआ