कविता की भाषा

ओम प्रभाकरओम प्रभाकर5 Sept 1941

1 min read · 12.4K reads

लगातार खोजती फिरती है गुंजाइश

कवि की भाषा

कि ज़रा टिक भर जाएँ कहीं अगले हिस्से

दहाड़, पुचकार या चीत्कार

पुकार, ललकार या सीत्कार या फिर

मौन भी

कवि की भाषा के ही यथावसर चेहरे हैं।

मौन के दर्पण में

साफ़ दिखाई देती है भाषा सांगोपांग।

हल-कुदाल चलाती हुई भाषा

रेल की पटरियाँ बिछाती

पुल बनाती हुई भाषा

खदानें खोदती

समुद्र-गर्भ से तेल निकालती

और अंतरिक्ष को अंतर्गत

करती हुई भाषा

अत्यंत विराट और गतिशील

रचनाओं का विन्यास करती

कवि की भाषा ही तो है।

नालियों-सड़कों को साफ़ करती

कवि की भाषा

मकानों की पुताई करती है

अनाज पीसती है कपड़े बुनती है

जूते गाँठती है और

दफ़्तरों में बैठकर राज-काज

चलाती है बिना एक भी शब्द बोले।

अनगित कर्मेंद्रियों वाली कवि की भाषा

उच्चार की मोहताज होती है

आसन्न देहांत पर

जब वह पुकारती है

अपनी धड़कती हुई गतिशील रचनाओं को

अपनी संतानों को

और सौंपती है उन्हें थाती

शब्दहीन कर्मेंद्रिय भाषा

सौंपती है उन्हें स्वयं को और

उतर जाती है ख़ुद

मौन के अतल गह्वर में।

ओम प्रभाकर
About the poet

ओम प्रभाकर

View profile & all 28 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like