ये हरसिंगार के पहले-पहले फूल - ओम निश्चल

ओम निश्चलओम निश्चल15 Sept 1958

4 min read · 12.4K reads

ये हरसिंगार के पहले-पहले फूल
तुम्हारे नाम ।
ये मौसम के ख़त
पहली-पहली भूल तुम्हारे नाम ।

यह उजास-सा
खिलता-खिलता मन
पत्तों पर ठहरी
ओस-अश्रु उन्मन

खिड़की पर ठहरे हुए
प्रतीक्षा-पल
ये धूप-दीप-नैवेद्य
तुम्हारे नाम ।
स्नेहिल पल सजल
अभेद्य तुम्हारे नाम ।

ये कली अधखिली
कल फिर फूलेगी
मन की वसुधा में
नव रस घोलेगी

कविताओं से
यह भीगा हारिल हिय
यह चित्ताकर्षक दृष्टि
तुम्हारे नाम ।
कुदरत की पहली सृष्टि
तुम्हारे नाम ।

लो, हवा बह रही
पुरवा अलबेली-सी
फूलों से तितली करती
अठखेली-सी

यह मन्द मन्द-सा
बहता मलयानिल
यह भुवन अखिल
अभिराम तुम्हारे नाम ।
ये पारिजात अभिजात
तुम्हारे नाम ।
ओम निश्चल
About the poet

ओम निश्चल

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like