हम बंजारे

ओम नागरओम नागर20 Sept 1980

1 min read · 12.4K reads

दुःख जब-जब भी बरसा

मेरे मन की धरती पर

तब-तब तेरी यादें तिरपाल बन

ढाँकती रही मेरे संपूर्ण अस्तित्व को

और बचाती रहीं विपरीत

मौसमों की मार से।

मौसम बदलते हैं

बदलते रहेंगे,

ज़मीन न बदली

न बदलेगी

पोसरी हुई भी कभी तो

यादें ही दृढ़ बनाती रही

विश्वास के रजकणों को

ताकि खूँटियों की जकड़न

वैसी की वैसी बनी रहे ताउम्र

और रहे भी क्यों नहीं

एक बाशिंदा वह भी तो है

उसकी अपनी चीज़ें भी तो रखी हैं

किसी कोने में रखे

पुराने बक्से के पेंदे में बिछे

अख़बार के नीचे

और कौन होगा भला जो

अपनी चीज़ों को न सँभाले

हम बंजारों का क्या

क़बीले आज यहाँ तो कल वहाँ

यह तो

उम्र भर का सिलसिला है

बसना, उजड़ना, फिर बसना।

ओम नागर
About the poet

ओम नागर

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like