ठुकराए हुए दिल की याद आई तो क्या आई
फेंका हुआ शीशा था टूटा तो सदा आई
दिन ज़ौक़-ए-नवाज़िश से बेगाना सही लेकिन
जल्वा है न शो'ला है रात आई तो क्या आई
इशरत-गह-ए-बातिल की रौनक़ में कमी क्या है
गर बाद-ए-सबा जा कर इक शम्अ' बुझा आई
बढ़ती हुई बेताबी कुछ रूठ गई शायद
झटके हुए दामन से हाथों को हया आई
उठता है क़दम लेकिन रफ़्तार ग़ुनूदा है
नींद आ गई रस्तों को मंज़िल की हवा आई
है कुछ तो 'नुशूर' एहसाँ इस उम्र-ए-रवाँ का भी
इक रोज़ किनारे पर कश्ती तो लगा आई








