निज़ाम रामपुरी के शेर

निज़ाम रामपुरीनिज़ाम रामपुरी

4 min read · 12.5K reads

अंदाज़ अपना देखते हैं आइने में वो

और ये भी देखते हैं कोई देखता न हो


अंगड़ाई भी वो लेने न पाए उठा के हाथ

देखा जो मुझ को छोड़ दिए मुस्कुरा के हाथ


है ख़ुशी इंतिज़ार की हर दम

मैं ये क्यूँ पूछूँ कब मिलेंगे आप


अब तुम से क्या किसी से शिकायत नहीं मुझे

तुम क्या बदल गए कि ज़माना बदल गया


अब आओ मिल के सो रहें तकरार हो चुकी

आँखों में नींद भी है बहुत रात कम भी है


बोसा तो उस लब-ए-शीरीं से कहाँ मिलता है

गालियाँ भी मिलीं हम को तो मिलीं थोड़ी सी


कहीं उस बज़्म तक रसाई हो

फिर कोई देखे एहतिमाम मिरा


मज़मून सूझते हैं हज़ारों नए नए

क़ासिद ये ख़त नहीं मिरे ग़म की किताब है


तेरे ही ग़म में मर गए सद-शुक्र

आख़िर इक दिन तो हम को मरना था


गर कोई पूछे मुझे आप इसे जानते हैं

हो के अंजान वो कहते हैं कहीं देखा है


अब क्या मिलें किसी से कहाँ जाएँ हम 'निज़ाम'

हम वो नहीं रहे वो मोहब्बत नहीं रही


उठता हूँ उस की बज़्म से जब हो के ना-उमीद

फिर फिर के देखता हूँ कोई अब पुकार ले


अभी तो कहा ही नहीं मैं ने कुछ

अभी तुम जो आँखें चुराने लगे


ये भी नया सितम है हिना तो लगाएँ ग़ैर

और उस की दाद चाहें वो मुझ को दिखा के हाथ


सच है 'निज़ाम' याद भी उस को न होंगे हम

पर क्या करें वो हम से भुलाया न जाएगा


जो कुछ इशारे होते हैं सब देखता हूँ मैं

सारी शरारत आप की मेरी नज़र में है


यूँ तो रूठे हैं मगर लोगों से

पूछते हाल हैं अक्सर मेरा


क्या किसी से किसी का हाल कहें

नाम भी तो लिया नहीं जाता


न बन आया जब उन को कोई जवाब

तो मुँह फेर कर मुस्कुराने लगे


ज़िद है गर है तो हो सभी के साथ

या न मिलने की ज़िद मुझी से है


क्या दुआ रोज़-ए-हश्र की माँगें

वहाँ पर भी यही ख़ुदा होगा


तुझ से ही छुपाऊँगा ग़म अपना

तुझ से ही कहूँगा गर कहूँगा


किस का है इंतिज़ार कहाँ ध्यान है लगा

क्यूँ चौंक चौंक जाते हो आवाज़-ए-पा के साथ


मैं न कहता था कि बहकाएँगे तुम को दुश्मन

तुम ने किस वास्ते आना मिरे घर छोड़ दिया


वो इशारों में उस का कहना हाए

देखो अपने पराए बैठे हैं


किस क़दर हिज्र में बेहोशी है

जागना भी है हमारा सोना


तुम हो गए कुछ और न कुछ और हम हुए

कुछ तो सबब हुआ है कि वो रब्त कम हुए


तेरा मिलना तो है मुश्किल मगर इतना तो हुआ

अपना मरना मुझे आसाँ न हुआ था सो हुआ


छेड़ हर वक़्त की नहीं जाती

रोज़ का रूठना नहीं जाता


उस की उल्फ़त में जीते-जी मरना

फ़ाएदा ये भी ज़िंदगी से है


ये हवा सर्द चली और ये बादल आए

कहो साक़ी से कि साग़र चले बोतल आए


हुए नुमूद जो पिस्ताँ तो शर्म खा के कहा

ये क्या बला है जो उठती है मेरे सीने से


ख़ुश्बू वो पसीने की तिरी याद न आ जाए

गुल कैसा कभी इत्र भी सूँघा न करेंगे


हक़ बात तो ये है कि उसी बुत के वास्ते

ज़ाहिद कोई हुआ तो कोई बरहमन हुआ


मुंतज़िर हूँ किसी के आने का

किस की आँखों में आ के ख़्वाब रहे


देख कर ग़ैर को शोख़ी देखो

मुझ से कहते हैं कि देखा तू ने


लिपटा के शब-ए-वस्ल वो उस शोख़ का कहना

कुछ और हवस इस से ज़ियादा तो नहीं है


आए भी वो चले भी गए याँ किसे ख़बर

हैराँ हूँ मैं ख़याल है ये या कि ख़्वाब है


आँखें फूटें जो झपकती भी हों

शब-ए-तन्हाई में कैसा सोना


रात था वस्ल आज हिज्र का दिन

कुछ ज़माने का ए'तिबार नहीं


जो कि नादाँ है वो क्या जाने तिरी चाहत की क़द्र

ऐ परी दीवाना बनना काम है होशियार का


आप देखें तो मिरे दिल में भी क्या क्या कुछ है

ये भी घर आप का है क्यूँ न फिर आबाद रहे


मेरे मिलने से जो यूँ हाथ उठा-बैठा तू

नहीं मालूम कि दिल में तिरे क्या बैठ गया


दो दिन भी उस सनम से न अपनी निभी कभी

जब कुछ बनी तो फ़ज़्ल-ए-ख़ुदा से बिगड़ गई


उन को मैं इस तरह भुलाऊँ 'निज़ाम'

याद किस बात पर नहीं आते


मंज़ूर क्या है ये भी तो खुलता नहीं सबब

मिलता तो है वो हम से मगर कुछ रुका हुआ


राह निकलेगी न कब तक कोई

तिरी दीवार है और सर मेरा


अब तो सब का तिरे कूचे ही में मस्कन ठहरा

यही आबाद है दुनिया में ज़मीं थोड़ी सी


बे-साख़्ता निगाहें जो आपस में मिल गईं

क्या मुँह पर उस ने रख लिए आँखें चुरा के हाथ


दुश्मन से और होतीं बहुत बातें प्यार की

शुक्र-ए-ख़ुदा ये है कि वो बुत कम-सुख़न हुआ

निज़ाम रामपुरी
About the poet

निज़ाम रामपुरी

View profile & all 57 Poems / Stories

More from निज़ाम रामपुरी

  1. अँगड़ाई भी वो लेने न पाए उठा के हाथ - निज़ाम रामपुरी

    अँगड़ाई भी वो लेने न पाए उठा के हाथदेखा जो मुझ को छोड़ दिए मुस्कुरा के हाथ

    12.4K reads
  2. छेड़ मंजूर है क्या आशिक-ए-दिल-गीर के साथ - निज़ाम रामपुरी

    छेड़ मंजूर है क्या आशिक-ए-दिल-गीर के साथख़त भी आया कभी तो ग़ैर की तहरीर के साथ

    12.4K reads
  3. कभी मिलते थे वो हम से ज़माना याद आता है - निज़ाम रामपुरी

    कभी मिलते थे वो हम से ज़माना याद आता हैबदल कर वज़ा छुप कर शब को आना याद आता है

    12.4K reads
  4. साफ़ बातों में तो कुदूरत है - निज़ाम रामपुरी

    साफ़ बातों में तो कुदूरत हैऔर लगावट से ज़ाहिर उल्फ़त है

    12.4K reads
  5. तुम से कुछ कहने को था भूल गया - निज़ाम रामपुरी

    तुम से कुछ कहने को था भूल गयाहाए क्या बात थी क्या भूल गया

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like