जो छुपाकर जहाँ से रक्खा है - नीरज गोस्वामी

नीरज गोस्वामीनीरज गोस्वामी14 Sept 1950

3 min read · 12.4K reads

देखने में मकाँ जो पक्का है
दर हक़ीक़त बड़ा ही कच्चा है

ज़िंदगी कैसे प्यारे जी जाये
ये सिखाता हर एक बच्चा है

छाँव मिलती जहाँ दोपहरी में
वो ही काशी है वो ही मक्का है

जो अकेले खड़ा भी मुस्काये
वो बशर यार सबसे सच्चा है

जिसको थामा था हमने गिरते में
दे रहा वो ही हमको धक्का है

आप रब से छुपायेंगे कैसे
जो छुपाकर जहाँ से रक्खा है

जब चले राह सच की हम ‘नीरज’
हर कोई देख हक्का बक्का है
नीरज गोस्वामी
About the poet

नीरज गोस्वामी

View profile & all 53 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like