चोरी - नीलेश रघुवंशी

नीलेश रघुवंशीनीलेश रघुवंशी4 Sept 1969

4 min read · 12.4K reads

जब भी बहनें आतीं ससुराल से
वे दो चार दिनों तक सोती रहतीं
उलांकते हुए उनके कान में जोर की
कूंक मारते
एक बार तो लंगड़ी भी खेली हमने उन
पर
वे हमें मारने दौड़ीं
हम भागकर पिता से चिपक गए
नींद से भरी वे
फिर सो गईं वहीं पिता के पास…

पिता के न होने पर
नहीं सोईं एक भी भरी दोपहरी में
क्या उनकी नींद जाग गई पिता के
सोते ही…?
सब घेरकर बैठी रहीं उसी जगह को
जहां अक्सर बैठते थे पिता और लेटे थे
अपने अंतिम दिनों में…
पिता का तकिया जिस पर सर रखने
को लेकर
पूरे तेरह दिन रुआंसे हुए हम सब कई
बार
बांटते भी कैसे
एक दो तीन नहीं हम तो पूरे नौ हैं…

इसी बीच सबकी आंख बचाकर
मैंने पिता की छड़ी पार कर दी
उन्होंने देख लिया शायद मुझे
मारे डर के वैसे ही लिपटी छड़ी से
लिपटी थी जैसे पहली बार
पिता की सुपारी चुराने पर पिता से…
नीलेश रघुवंशी
About the poet

नीलेश रघुवंशी

View profile & all 17 Poems / Stories