ज़ख़्म जैसे कि ज़बाँ रखते हैं
रात भर हाल सुनाते हैं मुझे
जागते रहते हैं सारे
मिरे कमरे के चराग़
दर्द मेरा बाँटते हैं
यक-ब-यक दिल में उतर आता है
कोई उजड़ा सा जज़ीरा और फिर
सिसकियाँ शोर मचाती हैं हवाओं की तरह
और बढ़ती है तिरी याद की शिद्दत मुझ में
ग़म का इदराक मिरे होश भुला देता है
कुछ बगूले मिरे आँगन में बिखर जाते हैं
मैं उन्हें देखूँ तो आँखों में सिमट आते हैं
नींद पलकों से उलझती है चली जाती है
और चुपके से फिर आँखों में नमी आती है
इतना फैला हुआ सहरा है ग़मों का मुझ में
कोई क़तरा कोई दरिया कोई क़ुल्ज़ुम भी जिसे
कभी सैराब नहीं कर सकता
कोई चाहे भी अगर
मेरे सुनसान शबिस्तान को आबाद नहीं कर सकता








