जब तुम वो पढ़ना चाहते हो
जो मुझे लिखना नहीं आता
और ना-उमीद हो कर अपने चेहरे के नुक़ूश बदल देते हो
हमारी आँखों के बीच सात ज़मीनें और
सात आसमान आ जाते हैं
और मेरी आँखें तारीख़ के खोए हुए
औराक़ ढूँडने लग जाती हैं
तुम पूछते हो ऐसे क्यूँ देखती हो
मैं वापस आ जाती हूँ
और तुम्हें सच-मुच देखने लगती हूँ
ऐसे ही जैसे तुम चाहते हो








