कविता में सब महफ़ूज़ है - नवनीत शर्मा

नवनीत शर्मानवनीत शर्मा22 Sept 1973

3 min read · 12.4K reads

 

वहां अब भी हैं पिता जी की झिड़कियां।
जैसे रात हो
अब भी दरवाजे की ओर हैं
मां के कान
टूटी ऐनक के साथ
खत खोल रहे हैं दादा
टिक्‍के से अटी है बहन की तर्जनी
बेदखल बछड़े का रंभाना
अब भी गूंजता है गोशाला में
अब भी आती है कोई गाय
सिर के बाल चाट कर
नम कर जाती है आंखें
दूर से लाए थे पिता
जगजीत सुनाता
यह टेप रिर्काडर
अब भी बजता है
अप्‍पू के जन्‍मदिन पर
अब भी बनते हैं गुलगुले
आंगन में दीवाली की फुलवारी
अमरूद के दरख्‍त पर टंगी हैं शरारतें
शुक्र है कविता में सब महफूज है।
नवनीत शर्मा
About the poet

नवनीत शर्मा

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like