फिर कल रात
मेरी आँखें बे-ख़्वाब रहीं
कमरे की साकित दीवारों के उस पार
वही गरजता वहशी लहजा
घुटी घुटी सिसकी को
कितनी बे-रहमी से नोच रहा था
डूबती रात के सन्नाटे में
उस की मदद को किसे पुकारूँ
कौन आएगा
कोई मुहाफ़िज़ आया भी तो
दीवारों के अंदर के क़ानून के आगे
ख़ुद को आजिज़ बतलाएगा
अक्सर ऐसा ही होता था
अक्सर भोर समय तक वो यूँही रोती थी
लेकिन आज अचानक क्यों ख़ामोश हुई
ख़ौफ़ की ठंडक
मेरी रूह तलक धँस आई
सुब्ह सवेरे
मैं ने देखा
उस के दरवाज़े के आगे
कुछ क़ानून के रखवाले
इक ऐम्बुलेंस के पास खड़े थे
अम्न की ख़ातिर
अब उन क़ातिल हाथों में
ज़ंजीर पड़ी थी
मय्यत ऐम्बुलेंस में धरी थी








