सूनी सँझा, झाँके चाँद - नरेश सक्सेना

नरेश सक्सेनानरेश सक्सेना16 Sept 1939

3 min read · 12.4K reads

सूनी सँझा, झाँके चाँद
मुँडेर पकड़ कर आँगना
हमें, कसम से, नहीं सुहाता —
रात-रात भर जागना ।

रह-रह हवा सनाका मारे
यहाँ-वहाँ से बदन उघारे
पिछवारे का पीपल जाने —
कैसे-कैसे वचन उचारे

जाने कब तक नीम पड़ेगा —
घी मिसरी में पागना ।

कैसे मन की करूँ चिरौरी
खाली-खाली बाखर-पौरी
ऐसे मौसम तुम बाहर हो
आँगन टपके परी निबौरी
जैसे हैं अपने, वैसे हों —
दुश्मन के भी भाग ना ।
 
हमें, कसम से, नहीं सुहाता —
रात-रात भर जागना ।
नरेश सक्सेना
About the poet

नरेश सक्सेना

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like