नीम की पत्तियाँ - नरेश सक्सेना

नरेश सक्सेनानरेश सक्सेना16 Sept 1939

4 min read · 12.4K reads

कितनी सुन्दर होती हैं पत्तियाँ नीम की
ये कोई कविता क्या बताएगी

जो उन्हें मीठे दूध में बदल देती है
उस बकरी से पूछो
पूछो उस माँ से
जिसने अपने शिशु को किया है निरोग उन पत्तियों से
जिसके छप्पर पर उनका धुआँ
ध्वजा की तरह लहराता है
और जिसके आँगन में पत्तियाँ
आशीषों की तरह झड़ती हैं

कभी नीम के सफ़ेद नन्हें फूलों की गंध अपने सीने में भरी ?
कभी उसकी छाल को घिसकर अपने घावों पर लगाया ?
कभी भादों के झकोरों में उन हरी कटारों के झौरों को
झूमते हुए देखा ?
नहीं !
तब तो यह कविता मेरा नाम ही धराएगी
जिसकी कोई पंक्ति एक हरी पत्ती-भर छाया भी दे नहीं पाएगी
वो क्या बताएगी
कि कितनी सुन्दर होती हैं पत्तियाँ नीम की ।
नरेश सक्सेना
About the poet

नरेश सक्सेना

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like