जाड़े की भोर - नन्दल हितैषी

नन्दल हितैषीनन्दल हितैषी10 Sept 1946

5 min read · 12.4K reads

गौरैय्ये के पंख पर सवार
धूप का एक चंचल टुकड़ा
उछला और छिटक गया आँगन में,
देखते नहीं
खरगोशनुमा धूप के वृत्त में
नमी का एहसास?
आज फिर उठा लाया है
’डोम’ कौवा
किसी परिन्दे का धड़
वैसे ही खूनिल / मुलायम / रोयेंदार ....
और पंजों तले
चिचोड़ रहा बार - बार ....
धुले धूप का चटकपन
पसर रहा है धुन्धला हो कर
मुँडेरी पर.
बँटने लगे हैं धूप के टुकड़े
आँगन में,
चाय और बासी रोटी की तरह.
फुर्र ऽ ऽ हुई गौरैय्या.
अब भी बरकरार है
छाजन पर धूप का टुकड़ा.
पिछवाड़े मिल की चिमनी
रोज की तरह उगलने लगी है
लहराता हुआ
धुँवे का गहरापन
मद्धिम होने लगी है
आँगन और छाजन पर
खरगोशनुमा, धूप का टुकड़ा
हाथी में तब्दील होने लगा है
और नापने लगा पूरा आँगन,
डोम कौवा
खूनी, रोयेंदार
और मुलायम धड़ लेकर
उड़ गया है
मिल मैनेजर की छत पर
..... और नन्हीं चिड़िया
धूप का हिस्सा बाँटने
फिर आँगन में ....
उड़ गई है.
नन्दल हितैषी
About the poet

नन्दल हितैषी

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like