माँ की याद - नंद भारद्वाज

नंद भारद्वाजनंद भारद्वाज1 Sept 1948

5 min read · 12.4K reads

बीत गये बरसों के साथ
अक्सर उसके बुलावों की याद आती है
याद आता है उसका भीगा हुआ आँचल
जो बादलों की तरह छाया रहता था कड़ी धूप में
रेतीले मार्गों और अधूरी उड़ानों के बीच
अब याद ही तो बची रह गई है उसके बुलावों की

बचपन के बेतरतीब दिनों में
एक साये की तरह पीछा करती थी उसकी आवाज़
और आँसुओं में भीगा उसका उदास चेहरा
अपने को बात-बात में कोसते रहने की
उसकी बरसों पुरानी बान -
वह बचाए रखती थी हमें
उन बुरे दिनों की मार से
कि ज़माने की दुश्वारियों में छूट न जाए साथ
उसकी धुंधली पड़ती दीठ से बाहर

बचपन की दहलीज के पार
हम नहीं रह पाए उसकी आँख में
गुज़ारे की तलाश में भटकते रहे यहाँ से वहाँ
और बरसों बाद जब कभी पा जाते उसका साथ
सराबोर रहते थे उसकी छाँव में

वह अनाम वत्सल छवि
अक्सर दीखती थी उदास
             बाद के बरसों में,
कहने को जैसे कुछ भी नहीं था उसके पास
न कोई शिकवा न कोई उम्मीद बकाया
फकत् देखती भर रहती थी अपलक
हमारे बेचैन चेहरों पर आते उतरते रंग!
नंद भारद्वाज
About the poet

नंद भारद्वाज

View profile & all 41 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like