हिज्र-कदा - नज़्म

नाहीद अख़्तर बलूचनाहीद अख़्तर बलूच

1 min read · 12.4K reads

मैं ने कमरे की खूँटी पर

तेरा इंतिज़ार टाँग दिया है

और मेरी बे-क़रार आँखें

कमरे की चौखट पर धरी हैं

तेरे फ़िराक़ के सियाह लम्हों की

बातें करती मेरी सारी नज़्में

कमरे की दीवारों पर चस्पाँ हैं

मेरी आती जाती साँसें

घड़ी की सूइयों से बंधी हैं

और तुम्हारे अमृत-रस टपकाते जुमले

मेरे ध्यान का पल्लू पकड़े चुप बैठे हैं

तेरे लम्स की ख़्वाहिश मेरे हाथों

की पोरों से निकल कर

कमरे में चकराती फिरती है

तेरे लौट आने का रस्ता तकता

हर इक मंज़र हिज्र-ज़दा है

और तुम्हारे लौट आने तक

मेरे चारों जानिब फैला हिज्र-कदा है

नाहीद अख़्तर बलूच
About the poet

नाहीद अख़्तर बलूच

View profile & all 14 Poems / Stories