हर चेहरा एक कहानी है
जब चेहरे पढ़ना सीखोगे
तब कोई कहानी लिक्खोगे
हर चेहरे पे इक नक़्शा है
इस में रस्ते ही रस्ते हैं
ये रस्ते भूल-भुलय्याँ हैं
जब भूल-भुलय्याँ भटकोगे
तब कोई कहानी लिक्खोगे
हर चेहरा एक समुंदर है
हर नक़्श की उठती लहरों में
जब पानी पानी उतरोगे
तब कोई कहानी लिक्खोगे
हर चेहरा एक इमारत है
दो खिड़की जैसी आँखों में
कुछ दूर खड़ी हैरानी को
जब हैरानी से देखोगे
तब कोई कहानी लिक्खोगे
हर चेहरा इक महताब भी है
और रूप नगर का ख़्वाब भी है
इस ख़्वाब का एक अज़ाब सुनो
वो रूप नगर है शीशे का
जब किरची किरची बिखरोगे
तब कोई कहानी लिक्खोगे
हर चेहरा एक निशाँ भी है
हर चेहरा एक ज़बाँ भी है
जब उस की रम्ज़ को जानोगे
जब उस की बातें समझोगे
तब कोई कहानी लिक्खोगे
हर चेहरा एक कहानी है
जब चेहरे पढ़ना सीखोगे
तब कोई कहानी लिक्खोगे
आँखों की ज़बानी लिक्खोगे








