जवानी की हालत गुज़र जाएगी

मिर्ज़ा मासिता बेग मुंतहीमिर्ज़ा मासिता बेग मुंतही

1 min read · 12.4K reads

जवानी की हालत गुज़र जाएगी

चढ़ी है जो सर पर उतर जाएगी

जिधर को मिरी चश्म-ए-तर जाएगी

उधर काम दरिया का कर जाएगी

ज़माने की ईज़ा का शिकवा न कर

गुज़रते गुज़रते गुज़र जाएगी

खुलेगा तुझे इश्क़-बाज़ी का हाल

ये हिर्स-ए-हवा जबकि मर जाएगी

मिरे जिस्म-ए-ख़ाकी से हो के जुदा

ये रूह-ए-रवाँ फिर किधर जाएगी

मिरे नग़्मों से अंदलीब-ए-चमन

कहाँ उड़ के तू मुश्त-ए-पर जाएगी

तवज्जोह तिरी ओ बुत-ए-बेवफ़ा

मिरा काम आख़िर को कर जाएगी

बहार-ए-चमन जबकि होगी ख़िज़ाँ

मिरी वहशत-ए-दिल किधर जाएगी

अगर जज़्बा-ए-दिल पे क़ाबू रहा

शब-ए-वस्ल की फिर ठहर जाएगी

खिंची है जो तेग़-ए-मोहब्बत दिला

यही एक दिन तेरे सर जाएगी

चढ़ी होगी कच्चे घड़े की जिसे

उतरते उतरते उतर जाएगी

क़िमार-ए-मोहब्बत में गर आह की

ये जीती हुई बाज़ी हर जाएगी

मिरी मर्ग ऐसी है ऐ 'मुंतही'

कि जिस की अदम तक ख़बर जाएगी

मिर्ज़ा मासिता बेग मुंतही
About the poet

मिर्ज़ा मासिता बेग मुंतही

View profile & all 26 Poems / Stories