खिड़की - नज़्म

मीना कुमारी नाज़मीना कुमारी नाज़1 Aug 1933 – 31 Mar 1972

1 min read · 12.4K reads

ये खिड़की

मेरी दोस्त मेरी रफ़ीक़

मेरी राज़दार

मेरे दिल की सब धड़कनों की अमीं

मसर्रत के लम्हात

और बे-कराँ ग़म के साए

सब उतरे मेरी ज़िंदगी में

मेरी सर्द तन्हाइयों में

उसी के सहारे

यहीं मैं ने सर रख कर अक्सर बुने

अन-गिनत ख़्वाब

अधूरे

मुकम्मल

हसीन

मुरत्तब किए ख़ाके मुस्तक़बिल-ए-ना-रसा के

यहीं से कभी मुड़ के देखा

कि माज़ी अँधेरों में लिपटा हुआ है

मगर चंद बारीक किरनें भी

दामन में अंगड़ाइयाँ ले रही हैं

घटा-टोप रातों में बरसात की

उड़ें जैसे आवारा जुगनू

यहीं मैं ने जाना

कि उतनी ही प्यारी हैं माज़ी की तारीकियाँ

जितनी प्यारी है मुस्तक़बिल-ए-ना-रसा की चमक

मगर हाल

उस का कहाँ है वजूद

ज़माना है माज़ी

ज़माना है मुस्तक़बिल

और हाल एक वाहिमा है

किसी लम्हे को मैं ने जब

छूना चाहा

फिसल कर वो ख़ुद बन गया एक माज़ी

किसी ने कभी हाल को अपने देखा नहीं

किसी ने कभी हाल को अपने परखा नहीं

और मुस्तक़बिल इतना है दूर

कि उस तक कभी हाथ पहुँचा नहीं

तभी तो मुझे

आप को

सारी दुनिया को

मिलती है माज़ी में अपने पनाह

यहाँ से बहुत दूर

मुस्तक़बिल-ए-ना-रसा का धुँदलका जहाँ

ख़ेमा-ज़न है

सजाई है माज़ी ने भी देखिए

वहीं जुगनुओं की बरात

कभी मुझ से दिल पूछता है

कभी दिल से मैं पूछती हूँ

ये खिड़की न होती

तो क्या होता

मैं कहाँ होती

मीना कुमारी नाज़
About the poet

मीना कुमारी नाज़

मूल नाम : महजबीं नाज़ जन्म : 01 Aug 1933 | मुंबई, महाराष्ट्र निधन : 31 Mar 1972 संबंधी : मुंशी प्यारे लाल शाकिर (दादा)

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like