फ़िराक़-आसार लम्हों की दुहाई कौन देगा
तिरे चेहरे के सूरज में दिखाई कौन देगा
मुझे इक बात कहना है उसे कितने युगों से
मगर सहरा की वुसअ'त में सुनाई कौन देगा
जो इक बेकल सी ख़ुशबू मेरे अंदर फूटती है
उसे उस के दरीचे तक रसाई कौन देगा
किसी की क़ैद से छुटना तो ख़ैर इक मसअला है
मुझे मेरे ही ज़िंदाँ से रिहाई कौन देगा
मैं सुल्ताँ के दर-ए-दौलत पे इक दस्तक तो दे लूँ
मगर इस हाथ को ज़ौक़-ए-गदाई कौन देगा








