मोबाइल - मंगलेश डबराल

मंगलेश डबरालमंगलेश डबराल16 Sept 1948 – 9 Sept 2020

7 min read · 12.4K reads

वे गले में सोने की मोटी ज़ंजीर पहनते हैं
कमर में चौड़ी बेल्ट लगाते हैं
और मोबाइलों पर बात करते हैं
वे एक आधे अन्धेरे और आधे उजले रेस्तराँ में घुसते हैं
और खाने और पीने का ऑर्डर देते हैं
वे आपस में जाम टकराते हैं
और मोबाइलों पर बात करते हैं

उनके मोबाइलों का रंग काला है या आबनूसी
चाँदी जैसा या रहस्यमय नीला
उनके आकार पतले छरहरे या सुडौल आकर्षक
वे अपने नए मोबाइलों को अपनी नई प्रेमिकाओं की तरह देखते हैं
और उन पर बात करते हैं
वे एक-दूसरे के मोबाइल हाथ में लेकर खेलते हैं
और उनकी विशेषताओं का वर्णन करते हैं
वे एक अन्धेरे-उजले रेस्तराँ में घुसते हैं
और ज़्यादा खाने और ज़्यादा पीने का ऑर्डर देते हैं
वे धरती का एक टुकड़ा ख़रीदने का ऑर्डर देते हैं
वे जंगल पहाड़ नदी पेड़
और उनमें दबे खनिज को ख़रीदने का ऑर्डर देते हैं
और मोबाइलों पर बात करते हैं

वे पता करते रहते हैं
कहांँ कितना खा और पी सकते हैं
कहाँ कितनी सम्पत्ति बना सकते हैं
वे पता करते रहते हैं
धरती कहाँ पर सस्ती है खाना-पीना कहाँ पर महँगा है
वे फिर से एक अन्धेरे-उजले रेस्तराँ में बैठते हैं
और सस्ती धरती और महँगे खाने-पीने का ऑर्डर देते हैं
और मोबाइलों पर बात करते हैं
वे फिर से अपनी ज़ंजीरें ठीक करते हैं बेल्ट कसते हैं
वे अपने मोबाइलों को अपने हथियारों की तरह उठाते हैं
और फिर से कुछ ख़रीदने के लिए चल देते हैं।
मंगलेश डबराल
About the poet

मंगलेश डबराल

View profile & all 88 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like