धुँद के पार

मैमूना अब्बास ख़ानमैमूना अब्बास ख़ान

1 min read · 12.4K reads

धुँद के परे इक दिन

रौशनी के हाले में

वो मुझे नज़र आया

जैसे देवता कोई

मुंतज़िर हो दासी का

मैं ने रू-ब-रू हो कर

उस से इल्तिजा की थी

दोगे रौशनी अपनी मुस्तआ'र लेनी है

हर तरफ़ अंधेरा है

मेज़बानी करनी है

कुछ ख़राब हालों की

रूह की कसाफ़त का

दिल पे बोझ है जिन के

चंद ज़ख़्म ऐसे हैं

जो कि भर न पाएँगे

गर नहीं मिले उन को

रौशनी के ये हाले

मेरी बात सुन कर वो

मुस्कुरा के बोला था

बे-नियाज़ शहज़ादी

जान क्यूँ नहीं लेतीं

रौशनी का रौज़न तो

सिर्फ़ तुम से खुलता है

धुँदलाता हर मंज़र

इस लिए तो वाज़ेह है

झिलमिलाती ये किरनें

तुम से ही तो फूटी हैं

ख़ुद को जोड़ लो ख़ुद से

रौशनी तो तुम से है

मैमूना अब्बास ख़ान
About the poet

मैमूना अब्बास ख़ान

View profile & all 22 Poems / Stories