करीम भाई - मदन कश्यप

मदन कश्यपमदन कश्यप29 Sept 1954

4 min read · 12.4K reads

कोई लोहा पीटता है
कोई छाती पीटता है
पर यह क्या करीम भाई
तुम हवा को पीट रहे हो

लोहा पीटना पूरा काम है
और छाती पीटना मुकम्मल बेबसी
मगर यह हवा को पीटना

कुछ लोग हवा बाँधना जानते हैं
तो कुछ हवा पलटना
कोई हवा उड़ाता है तो कोई हवा बनाता है
कुछ बचे-खुचे लोग कम से कम हवा की चाल पहचानते हैं

एक तुम हो कि हवा को पीट रहे हो
घण्टों हवा में लाठी भाँजते-भाँजते
पसीने से लथपथ हो रहे हो

हवा तो वैसे भी पिटती रहती है
बन्दूक की गोली छाती भेदने से पहले
हवा को छेदती है
चाँटा हवा को पीट कर ही
किसी के गाल पर बरसता है
फिर भला हवा को अलग से क्या पीटना

मान गया करीम भाई
जब हर चीज़ के साथ हवा पिटती है
तो क्यों न कोई हवा को पीटे
कि इसके पिटने से एक दिन
वह भी पिट जाएगा
जिसे हम पीटना चाहते हैं !
मदन कश्यप
About the poet

मदन कश्यप

View profile & all 33 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like