मैं व्यस्त हूँ

लीना मल्होत्रा रावलीना मल्होत्रा राव3 Oct 1968

2 min read · 12.4K reads

दिनचर्या के कई इतिहास रचती हूँ मैं

खाना पकाती

रोटी फुलाती

परचून से सौदा लाती

बस में दफ़्तर जाती

क्या तुम जानते हो

इन्हीं स्वाँगों के बीच

फूलकर कुप्पा हुई एक रोटी रतजगा करती है

प्रतीक्षा में अभ्यागत की

घर का बुहारा हुआ सबसे सफ़ेदपोश कोना

वसंत के रंग बचा लेता है पतझड़ में भी

वह बस जिसमें मैं अकेली हूँ

और तुम्हें

उस जंगल से जिसका नक़्शा सिर्फ़ मेरे पास है

निकालकर रख लिया है मैंने बग़ल वाली सीट पर

बतियाने के लिए

भूल आई हूँ मैं तुम्हें उसी बस में

और मुझे नहीं मालूम कि उस बस का आख़िरी स्टॉप कौन-सा है

देखे थे मैंने

कल्पनाओं से बेदख़ल हुए वीतरागी पतझड़ के सूखे हुए पत्ते

दूर तक उड़ते हुए उस बस का पीछा करते हुए

विचित्रताओं से भरी हुई इस दुनिया में

जब तुम्हारी खिड़की पर पौ फटती है

और तुम सुबह की पहली चाय पीते हो

तो अख़बार की कोई ख़बर पढ़कर तुम्हें ऐसा लगता है

कि इस दुनिया में सब कुछ संभव है

कि अचानक किसी मोड़ पर टकरा भी सकते हो

तुम मुझसे

क्या तुम ज़ोर से रिहर्सल करते हो

अपने प्रश्न की

कैसी हो तुम?

क्या तुम जानते हो

एक अरसे से बंदी हो तुम मेरे मन में

और साँस लेने के लिए भी तुम्हें मेरी इजाज़त लेनी पड़ती है

और जब कभी

मुझे लगता है कि

तुम इस घुटन में कहीं मर तो नहीं गए

तो मैं घबरा कर अचकचा कर उठती हूँ

तब मेरे बच्चे मुझे कितनी हैरत से देखते हैं

अपने व्यस्ततम क्षणों में

जब मैं दिनचर्या के कई इतिहास रचती हूँ

कपड़े धोती हूँ

इस्त्री करती हूँ

बच्चों को स्कूल छोड़ने जाती हूँ

और वह सब उपक्रम करती हूँ

जो हम तब करते हैं

जब करने को कुछ नहीं होता

जब आकाश का चितेरा पूरी मशक़्क़त करता है

कि महाशून्य में डोलती यह धरती

कहीं सरक न जाए उसके आग़ोश से।

लीना मल्होत्रा राव
About the poet

लीना मल्होत्रा राव

सुपरिचित कवयित्री। स्त्रीवादी संवेदना-सरोकारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : लीना मल्होत्रा राव जन्म : 03/10/1968 | गुरुग्राम, हरियाणा कविताओं के सोशल मीडिया दौर में पहले-पहल सामने आईं सुपरिचित कवयित्री लीना मल्होत्रा राव का जन्म 3 अक्टूबर 1968 को गुड़गाँव, हरिय…

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like