रस, गंध, स्वाद और आँच का कोरस है प्रेम

लवली गोस्वामीलवली गोस्वामी

1 min read · 12.4K reads

उम्र के तंदूर में सधे हाथों से

मेरा कच्चा प्रेम सेंकते हो तुम

भोजन की इच्छा में तुम्हारे पास बैठी

मैं तुम्हें अपलक निहारती हूँ

तुम्हारे चारों ओर लौ बिखरी होती है

तमाम रात तुम उजास बीनते हो

तुम्हारी ओट पाकर कभी कोई छाया नहीं बनती

यह प्रेम है, जो कभी मुझे अतृप्त सोने नहीं देता

यह प्रेम है कि धीमी आँच का सोंधापन मुझसे छिनता नहीं है

चाँद, एक गहरे चषक में

तुम्हारे बाज़ू पड़ा, सफ़ेद खुम्बियों का शोरबा है

रस, गंध, स्वाद और आँच का कोरस है प्रेम

यह तुमसे मिलने से पहले मैंने नहीं जाना था

कैरी और फल का भेद जानना

तुम्हारी रसोई की रहस्यमय कला है

चटकारों से लेकर तृप्तियों तक मेरा हर स्वाद

तुम्हारी ही उँगलियों में पला है।

लवली गोस्वामी
About the poet

लवली गोस्वामी

नई पीढ़ी की कवयित्री। ‘प्राचीन भारत में मातृसत्ता और यौनिकता’ शीर्षक पुस्तक उल्लेखनीय। जन्म : धनबाद, झारखंड लवली गोस्वामी का जन्म 5 जनवरी 1987 को हुआ। वह मूलतः दर्शन और मिथक शास्त्र की स्वतंत्र टिप्पणीकार एवं कवयित्री हैं। कुछ वर्ष पूर्व प्रकाशित उनकी पुस्तक '…

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like