पक्ष

लवली गोस्वामीलवली गोस्वामी

1 min read · 12.4K reads

मेरे आस-पास परछाइयों की एक फ़ौज चलती है

जिससे उजाले में रहने वाले भाग्यशाली लोग असहज होते हैं

जिन्हें ख़ुश रहने से अलग कुछ पसंद नहीं है

वे मुझसे पूरी शिद्दत से नफ़रत करते है

मैं सुखांत कहानियों के उत्सवों में

शोक की अनंतिम गाथाओं के अधूरे प्लॉट लिए घूमती हूँ

लोगों की चमकीली नज़रें मुझ पर पड़ते ही

छायाओं के वश में आकर चितकोबरी हो जाती हैं

मैं दूध में गिरा नमक हूँ

सुवासित भात खाते वक़्त दाँतों के बीच आया कंकर हूँ

सबसे कमज़ोर कराह को सुनने के लिए मैंने

बीच महफ़िल में पुरज़ोर झनकती वीणा के तार पकड़े

मैं सुरों की अपराधी मानी गई

मैंने पाप के रंग को चुटकियों में मसलकर देखा

बहुमूल्य पुण्य की गठरियाँ

डगमगाती नौका बचाने के लिए पानी में बहा दी

मैं पुण्य और उपयोगिता की एक बराबर हँसी उड़ाती हूँ

यह क़तई मेरी मासूमियत नहीं मेरी दुष्टता है

मेरी दुष्टता है कि मैं निष्पक्ष नहीं हूँ

साथी कवियों की तरह

मैंने कभी कविता के भविष्य की चिंता नहीं की

मुझे पता है जब तक दुःख और आशाएँ रहेंगी,

कविता भी रहेगी

रहेगी कविता, दुःखों की जर्जर कथरी में

आशा के वफ़ादार पैबंद की तरह

तकलीफ़ों की भीषण झाँझ बरसात में

कमज़ोर लेकिन जी-जान लगाकर लड़ती

छतरी के साथ की तरह

दुनिया में कविता तब तक रहेगी

जब तक दुनिया में दुःख रहेंगे।

लवली गोस्वामी
About the poet

लवली गोस्वामी

नई पीढ़ी की कवयित्री। ‘प्राचीन भारत में मातृसत्ता और यौनिकता’ शीर्षक पुस्तक उल्लेखनीय। जन्म : धनबाद, झारखंड लवली गोस्वामी का जन्म 5 जनवरी 1987 को हुआ। वह मूलतः दर्शन और मिथक शास्त्र की स्वतंत्र टिप्पणीकार एवं कवयित्री हैं। कुछ वर्ष पूर्व प्रकाशित उनकी पुस्तक '…

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like