एक बेहद मामूली प्रेम-कथा

लवली गोस्वामीलवली गोस्वामी

1 min read · 12.4K reads

मेरा मन बर्फ़ीली घाटी का वह रास्ता था

जिससे या तो वे भिक्षु गुज़रे

जिन्हें लौटना सिखाया ही नहीं गया था

या फिर वे व्यापारी बंजारे जिनका मक़सद

बाज़ार तक जाने वाले नए रस्ते तलाशना था

बंजारों ने मुझे बेकार बीहड़ कहा

वे बसावटों में दुकानदारी जमाने के लिए

कटने-मरने लगे

दुनियादार ज्ञानियों ने मुझे

नज़र बाँधने वाली माया कहा

वे भीड़ जमाकर पत्थर पूजने लगे

तुम्हें देखकर मैंने जाना बीहड़ में

सिर्फ़ वे बसते हैं जो ख़ुद बहिष्कृत होते हैं

जीवन ने मुझे यह सिखाया

अगर मन नीरव बर्फ़ीले पड़ावों-सा हो

तो बसावटों का मोह नहीं करना चाहिए

वे लोग ग़लत होते हैं जो मानते हैं

कि यात्रा की स्मृतियाँ

केवल यात्रियों के पास होती हैं।

लवली गोस्वामी
About the poet

लवली गोस्वामी

नई पीढ़ी की कवयित्री। ‘प्राचीन भारत में मातृसत्ता और यौनिकता’ शीर्षक पुस्तक उल्लेखनीय। जन्म : धनबाद, झारखंड लवली गोस्वामी का जन्म 5 जनवरी 1987 को हुआ। वह मूलतः दर्शन और मिथक शास्त्र की स्वतंत्र टिप्पणीकार एवं कवयित्री हैं। कुछ वर्ष पूर्व प्रकाशित उनकी पुस्तक '…

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like