जिससे मिलना है उसकी आवाज़ से मिल चुका हूँ
क्या वह वैसा ही होगा जैसी उसकी आवाज़ है
आवाज़ में उत्तेजना है
आदमी नीले आसमान के कोने में उठता हुआ
बादल का टुकड़ा हो सकता है
यह अधेड़ की उत्तेजित आवाज़ है
इसमें सदियों तक हारते रहने का एहसास है
उसे भी सपने आते हैं
एक सुनी हुई आवाज़ से मिलने के
दिन ऐसे आ गए हैं कि हो सकता है
हम कभी न मिलें और
हमारी आवाज़ें मिलती रहें
आबादी बढ़ रही है दुनिया में आवाज़ों की।








