आज फिर
जा रहा हूँ
संसद मार्ग पर
प्रतिदिन की तरह...
निहारता संसद की ओर
संसद देख रही है मुझे
और मैं संसद को
यह कैसा मार्च पास्ट है
कि संसद
सलामी ले रही है मुझसे
मेरी आँखों में
खौल रहा है समंदर
खारे पानी का...
मेरे पाँवों में
घूम रहा है ग्लोब
चितकबरे फुटबॉल-सा
संसद संकेत करती है मुझे
बुला रही मुझे पास अपने
पास आकर देखता हूँ
फुटबॉल पर लगी थिगली
नज़र आती संसद
देखता हूँ मैं उसकी ओर
वह देखती मुझे
मेरी नज़र और संसद के बीच
खारे पानी का समंदर क्यों है?
संसद क्यों देखती है मुझे
आज निहारता हूँ मैं कभी संसद की ओर
कभी अपने-आपको
संसद
मैं
मैं और संसद
कोई तो संबंध है हम दोनों के बीच...








