सुबह-सवेरे
घर से निकलता हूँ
तो
हर रोज़ मुझे भौंकता
काला कुत्ता
चौक के एक कोने में
फुटपाथ पर सोया, जागता है
जब मेरी
पदचाप सुनकर...
उसके पास लेटा
एक और भूसला कुत्ता
जागता है सिर्फ़
भौंकता नहीं
वह भी इसी चौक में
रहता है प्रतिदिन
सोता है रोज़
जागता भी
लेकिन वह भौंकता नहीं
मात्र देखता है
मुझे और काले कुत्ते को
कुत्तों के बारे में सोचते हुए
परेशान हूँ मैं
एक-दूसरे को देखकर, परेशान हैं कुत्ते।








