ई जो अन्न है - कुमार वीरेन्द्र

कुमार वीरेन्द्रकुमार वीरेन्द्र15 Sept 1976

5 min read · 12.4K reads

बोआई के समय देखता

एक भी दाना
खेत से बाहर गिर जाए, उसे उठा
तनि माटी टरका, बाबा खेत में ही तोप देते, और ख़ाली अपने खेत में ही नहीं
कहीं भी देखते, राह, डरार, करहा, बगीचे में, बाँध पर; उठा बग़लवाले खेत में
चाहे वह बैरी का ही क्यों न हो, तोप देते, पूछता, कहते, अरे
एक से इक्कीस होवेगा..., जब कटाई का
समय आता, कवनो-कवनो
खेत के कोन पर

एक-दु मुट्ठी डाँठ छोड़ देते

सोचता, कोन पर डाँठ
हरियर, इसलिए छोड़ दे रहे, बाद में काट लेते होंगे
तनि बड़ा हुआ, एक बार देखा, कई दिनों बाद भी, नहीं काट रहे, लगा, भुला गए हैं, याद परवाया
तो कहा, इयाद है, भाई, भुलाया थोड़े हूँ, ऊ तो बस चिरईं-चुरुगुन खातिर छोड़ देता हूँ चकित हो
कहा, अरे, बउराह हो का, कबहुँ घट जाएगा तो चिरइयाँ देंगी खाने को ?, बाबा
सुनते हठात् मुस्कुरा पड़े, कहा, बेटा, ई जो धरती है, इसके बाल
बच्चे, चिरईं-चुरुँग भी हैं, और ई जो अन्न है न, बेटा
इसे खाने से ही नाहीं, खिलाने
से भी आपन

पेट भरता है...!
कुमार वीरेन्द्र
About the poet

कुमार वीरेन्द्र

View profile & all 71 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like