धूप-बीज बोये थे - कुमार रवींद्र

कुमार रवींद्रकुमार रवींद्र10 Sept 1940 – 1 Sept 2019

3 min read · 12.4K reads


पुरखों ने
कल ही तो धूप-बीज बोये थे
                          फले नहीं
बंजर थी माटी कुछ
कुछ हमसे चूक हुई
कुहुक सगुनपाखी की
जाने कब हूक हुई
फागुन में
घर में हैं रितुपाखी आये भी
                   हमसे वे पले नहीं
जहरीली बरखा में भीगे
आकाश मिले
राख रहे बरसाते
शाहों के नए किले
सिक्के जो
रामराज के युग के
इस अंधे युग में वे चले नहीं
हिमगिरि से सागर तक
सबने पत खोई है
मन्दिर की देवी भी
बार-बार रोई है
हमने ही
मोड़े थे रुख कल तूफानों के
              अब वे हौसले नहीं
कुमार रवींद्र
About the poet

कुमार रवींद्र

View profile & all 115 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like