तेरी हर बात चलकर यूँ भी मेरे जी से आती है - कुँवर बेचैन

कुँअर बेचैनकुँअर बेचैन1 Sept 1942 – 29 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

तेरी हर बात चलकर यूँ भी मेरे जी से आती है
कि जैसे याद की खुश्बू किसी हिचकी से आती है।

कहाँ से और आएगी अक़ीदत की वो सच्चाई
जो जूठे बेर वाली सरफिरी शबरी से आती है।

बदन से तेरे आती है मुझे ऐ माँ वही खुश्बू
जो इक पूजा के दीपक में पिघलते घी से आती है।

उसी खुश्बू के जैसी है महक। पहली मुहब्बत की
जो दुलहिन की हथेली पर रची मेंहदी से आती है।

हजारों खुशबुएँ दुनिया में हैं पर उससे छोटी हैं
किसी भूखे को जो सिकती हुई रोटी से आती है।

मेरे घर में मेरी पुरवाइयाँ घायल पड़ी हैं अब
कोई पछवा न जाने कौन सी खिड़की से आती है।

ये माना आदमी में फूल जैसे रंग हैं लेकिन
कुँअर तहज़ीब की खुश्बू मुहब्बत से ही आती है।
कुँअर बेचैन
About the poet

कुँअर बेचैन

View profile & all 133 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like