एक अशीर्षक समय में - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

10 min read · 12.4K reads

अँखुवे झड़ रहे हैं जबकि पतझर का मौसम दूर है सड़को पर सर पटक रही है रंगों में उफनाती राप्ती बाढ़ के नियमित आषाढ़ को धकियाती साँय साँय की चीख सायरनों में प्रखर कई गुना जबकि बिजलियों आँधियों की ऋतु दूर है बहुत जो उपस्थित है साक्षात में अनुपस्थित भी दिख जाता है सरापा नग्न इस अशीर्षक समय में आत्मा की खुरचन है साँस साँस जिन पर धमाकों की कतार मार्च कर रही है अनागत नींद तलक अतृप्ति का पहरा है आश्वस्ति की घोषणा प्रसारित हो रही है – ‘स्थिति तनावपूर्ण किंतु नियंत्रण में’ – खुला है ‘बलरामपुर मॉडर्न स्कूल, बलरामपुर’ की गणित की कक्षा में श्री टी.एन.मिश्र की बेंत सुनने वाली है उन्नीस का पहाड़ा और कुछ ढीठ छात्र बीस के पहाड़े की सरलता से बढ़ गये हैं कापी के पिछले पन्नों के लोकतांत्रिक मैदान में कट्टम बट्टम खेलने की चुपचाप ज़िद में मशगूल हैं आतंक से निस्पृह जैसे एक स्कूल ही बना देता है इतना कुंद इतना बेशर्म इतना पत्थर इतना बाइज़्ज़त कि फिर ज़ोर आजमाइश किसी भी दर्द की उनके लिए कट्टम बट्टम को सीधी चपल रेखा से मिलाने जीत जाने की मोहताज भर है कि समाप्ति इस खेल की घंटा ख़त्म होने के बाद भी नहीं है सुनिश्चित इन्हीं शोहदों के जीवट के प्रति उस्ताद ग़ालिब ने समर्पित किया होगा ग़ज़ल का एक पूरा मिसरा, ‘दर्द का हद से गुज़रना है दवा हो जाना’, लाजिम है जनाब सोचना ही यह कि कर्फ़्यू में समय है समय में शहर है शहर में खुला है स्कूल स्कूल में गणित की कक्षा कक्षा में गणित अध्यापक श्री टी.एन. मिश्र हैं और बच्चे भी कितना असंगत है यह सब मगर इंद्रियों के बिना भी जो देखा जा रहा सुना जा रहा भोगा जा रहा सहा जा रहा अथाह जघन्य और असह्य (निढ़ाल नाख़ूनों से खुरचते हुए हृदय सपने प्रतिभा जन्म और मनुष्यता का पश्चाताप…) उस बहुत कुछ से भरे जा सकते हैं इतिहास के पोथन्ने अनगिन से तो कमतर ही है इस ढीठ कवि का यह अक्षम्य अपराध अन्यथा महापंडितों नृतत्त्वशास्त्रियों वैज्ञानिकों राजनीतिज्ञों दंड दें कि आप मूर्तमति के समक्ष मैं अमूर्तमति नहीं कर सका समय का संकीर्तन पाठ कि इसे पिछले पन्ने पर लिखीं कुछ सतरें ही मानें महज कि आप पारित कर सकते हैं अध्यादेश ऐसे कि अब बची है अधिक संवेदना सिर्फ़ संवेदी सूचकांक में ही

कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like