बड़ी बुआ - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

8 min read · 12.4K reads

बड़ी बुआ से दादी
कभी आँवला भिगवातीं
तो कभी हर्रा पिसवातीं
उलझाए रखतीं
तरह तरह के घरेलू नुस्खों में
लेकिन बड़ी बुआ के बालों पर
जमती ही गई समय की राख
और बड़ी बुआ के बाल
नहीं हो पाए कभी
मेरे बचपन के बालों की तरह गाढ़े और घने
जिन्हें छेड़ने
आया करती थीं बड़ी कक्षाओं की लड़कियाँ

बतलाती थीं दादी
कि बाबा हमारे
बड़े हठी थे
जब प्रतिज्ञा की उन्होंने
कि नौकरी मिलेगी तभी बनवाएँगे अपने बाल
तब बीस पार कर गई थीं बड़ी बुआ

बाल-बच्चे नौकरी की प्रतीक्षा की तरह बढ़ते गए
तो लोग चिढ़ाने लगे
और तंग आकर एक दिन
वे क्या गए
कि नहीं लौटे घर

लोगों ने कहा तो कि साधू हो गए पंडिज्जी
कि नदी में मिली थी जो नंगी विकृत लाश
हो न हो पंडिज्जी की ही थी
जिसे नोच डाला था सियारों ने

लेकिन दादी ने माना नहीं कभी
वह कहतीं अकसर -
‘खतम होते ही पुटकी का सत्तू
वो लौटेंगे घर
गए हैं बड़ी का वर ढूँढ़ने’

मेरे और बहन के मुंडन में
सबसे अधिक खुश थीं तो दादी
इतनी खुश...थीं इतनी खुश...
कि फफक पड़तीं

सारे मेहमान आए
बाबा नहीं आए

बड़ी बुआ बस बटोरती रहीं
गिरते हुए बाल और नेग

सिर पर हमारे फिर आए बाल
पर बाबा को न आना था न आए

मेरी बहन का बाल सँवारतीं जब बड़ी बुआ
दुहरातीं दादी का गीत -
‘बबुनी के सिर पर हैं बाल जितने
उसके भी दो गुने, दस गुने, सौ गुने
लहर लहर लहकें अरमान सपने।’

हमजोलियाँ दस दिशा से पुरियातीं गीत
किंतु हर बार
कंघी में अरझ अरझ जाती
बड़ी बुआ की आवाज।
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like