अपना अहंकार तुम गाते रहे रात भर - कृष्ण मुरारी पहारिया

कृष्ण मुरारी पहारियाकृष्ण मुरारी पहारिया

4 min read · 12.4K reads

अपना अहंकार तुम गाते रहे रात भर
अब प्रभात में मुझको भी कुछ कह लेने दो

            मैंने ही दृढ़ अन्धकार की परतें तोड़ी
            और तुम्हारी अजगर जैसी बाँहें मोड़ीं
            मेरी धरती पर किरणों के तृण लहराए
            इसीलिए तो मैंने कठिन ज़मीनें गोड़ीं

तुम काला विध्वंस रचाते रहे रात भर
अब प्रभात के ज्योतित क्षण को रह लेने दो

            जितना हो सकता था तुमने विष फैलाया
            औरों की तड़पन देखी, त्योहार मनाया
            लेकिन सब का समय एक-सा कब होता है
            डूबा निशि का राग, प्रभाती का स्वर आया

तुम अपनी फुफकार छोड़ते रहे रात भर
अब प्रभात के मलय-पवन को बह लेने दो

14.08.1962
कृष्ण मुरारी पहारिया
About the poet

कृष्ण मुरारी पहारिया

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like