अब भी अतीत में धँसे हुए हैं पाँव - कृष्ण मुरारी पहरिया

कृष्ण मुरारी पहारियाकृष्ण मुरारी पहारिया

5 min read · 12.4K reads

अब भी अतीत में धँसे हुए हैं पाँव
आगे बढ़ने का कोई योग नहीं
आँखों के सम्मुख सपनों की घाटी
उस तक पहुँचूँ कोई संयोग नहीं

सुधियाँ भी हैं, सम्बन्ध पुराने हैं
ताज़े होते रहते हैं बीते घाव
इनमें ही फँसकर रह जाता है मन
मर जाता अगला पग धरने का चाव

कुछ ऐसे भी हैं काया के दायित्व
जिनके बोझ से झुके हुए कन्धे
कुछ ऐसे पर्दे भी रीतों के
जिनके रहते ये नयन हुए अन्धे

उर में है चलते रहने का संकल्प
यह बात असल है, कोई ढोंग नहीं

काया की अपनी जो मज़बूरी हो
अन्तस की अपनी ही गति होती है
कैसा ही गर्जन-तर्जन हो नभ में
कोयल केवल मीठे स्वर बोती है

अन्तर्द्वन्दों में जो फँस जाते हैं
उनका भी अपना जीवन होता है
भावी की सुखद कल्पनाओं के बीच
सुख से सारा विष पीना होता है

दुःख, तडपन और निराशा हो प्रारब्ध
यह भी जीना है कोई रोग नहीं
कृष्ण मुरारी पहारिया
About the poet

कृष्ण मुरारी पहारिया

View profile & all 31 Poems / Stories