कवियों के कंकाल - कृष्ण कल्पित

कृष्ण कल्पितकृष्ण कल्पित30 Sept 1957

4 min read · 12.4K reads

मैं देखना चाहता था कि
शब्दों में कितनी शक्ति बची हुई है

बेचैनी में कितनी बेचैनी
शान्ति में कितनी शान्ति

मैंने देखा प्यार नामक शब्द में
कुछ जलने की गन्ध आ रही थी

झूठ अब उतना झूठा नहीं रहा था
जितने महान थे उतने टुच्चे थे
लुच्चे थे
जितने भी सदाचारी थे

सच्चाई पर अब किसी को यक़ीन नहीं था
धीरज में धैर्य गायब था

पानी अब प्यास नहीं बुझाता था
अग्नि के साथ-साथ चलता था अग्नि-शमन दस्ता

शब्दों के सिर्फ़ खोखल बचे थे
उनका अर्थ सूख गया था

जब भी लिखता था कविता
एक संरचना हाथ आती थी

कवि अब कहाँ थे
हर तरफ़ कवियों के कंकाल थे !
कृष्ण कल्पित
About the poet

कृष्ण कल्पित

View profile & all 17 Poems / Stories