बुरे दिन-1 - कृष्ण कल्पित

कृष्ण कल्पितकृष्ण कल्पित30 Sept 1957

4 min read · 12.4K reads

 बुरे दिन पूछकर नहीं आते

वे ऐसे आते हैं जैसे गए ही नहीं थे यहीं छिपे हुए थे कुर्सी के पीछे खाट के नीचे कोट की जेब में या फिर हम उन्हें भूलवश दराज़ में रखकर भूल गए हों

जबकि अच्छे दिन पूछकर आते हैं अतिथि की तरह दो-चार दिन में लौट जाने के लिए

बुरे दिन आपको सबसे अच्छी कविताएँ याद दिलाते हैं जिन्हें हम अच्छे दिनों में भूल जाते हैं कई बिसरी हुई कहानियाँ याद आती हैं बुरे दिनों में और कोई करुण-किरवानी जैसा राग अहर्निश बजता रहता है बुरे दिनों में

बुरे दिन आकर बच्चों की तरह पाँवों से लिपट जाते हैं जिन्हें मैं रावळगाँव की टॉफियां खिलाकर बहलाता रहता हूँ

बुरे से अच्छा क्या होगा
बुरे दिन मेरे सबसे अच्छे दिन थे

बुरे दिनो
मत छोड़ना मेरा साथ
तुम्हारे लिए मेरे दरवाज़े हमेशा खुले हैं !
कृष्ण कल्पित
About the poet

कृष्ण कल्पित

View profile & all 17 Poems / Stories