ऐसा नहीं कि उन से मोहब्बत नहीं रही - ख़ुमार बाराबंकवी

ख़ुमार बाराबंकवीख़ुमार बाराबंकवी15 Sept 1919 – 19 Sept 1999

3 min read · 12.4K reads


ऐसा नहीं कि उन से मोहब्बत नहीं रही
जज़्बात में वो पहले-सी शिद्दत नहीं रही

सर में वो इंतज़ार का सौदा नहीं रहा
दिल पर वो धड़कनों की हुक़ूमत नहीं रही

पैहम तवाफ़े-कूचा-ए-जानाँ के दिन गए
पैरों में चलने-फिरने की ताक़त नहीं रही

चेहरे की झुर्रियों ने भयानक बना दिया
आईना देखने की भी हिम्मत नहीं रही

कमज़ोरी-ए-निगाह ने संजीदा कर दिया
जलवों से छेड़-छाड़ की आदत नहीं रही

अल्लाह जाने मौत कहाँ मर गई ख़ुमार
अब मुझको ज़िन्दगी की ज़रूरत नहीं रही
ख़ुमार बाराबंकवी
About the poet

ख़ुमार बाराबंकवी

View profile & all 28 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like