परिताप - कविता वाचक्नवी

kavita vaachvanviकविता वाचक्नवी6 Feb 1963

4 min read · 12.4K reads

ढूँढता है ठौर
यह दोने धरा
दीपक कँपीला ,
ठेलते दोनों किनारे के
थपेड़े।

(ठिठक कर)
छल-छद्म-तर्पण के बहाने
ला बहाना धार में
अच्छा चलन है ।
क्या करे ?
जाए कहाँ ?
बस डूबना तय है... सुनिश्चित ।

इस किनारे पर
खड़ी है भीड़ सब ,
जो उसे ढरका, सिरा, लहरों-लहर
लौट जाती है
उन्हीं रंगीनियों में,
उस किनारे पर
मचलती आँधियाँ, तूफान,
बरखा के बवण्डर,
बीच का विस्तार
नदिया का
भँवर का
लीलने को, निगलने को
आज बाँहें खोल पसरा।


जल, तनिक तू और जल
दीपक ! न डर जल से,
सोख लेगा
यह भयंकर जल
तुम्हारी
जलन के परिताप सारे,
लील लेगा
और जलने की समूची
वेदना में
जल भरेगा ।

जल मिटो
जल में मिटो
बस मिट चलो
दीपक हमारे !
मेट कर माटी करो
त्रय-ताप सारे ।
kavita vaachvanvi
About the poet

kavita vaachvanvi कविता वाचक्नवी

''महर्षि दयानंद और उनकी योगनिष्ठा'' शोध पुस्तक तथा ''मैं चल तो दूँ' कविता संग्रह प्रकाशित। स्त्री सशक्तीकरण के विविध आयाम तथा दक्षिण भारत कान्यकुब्ज सभा स्मारिका का संपादन। विभिन्न विधाओं में अनेक रचनाएँ देश भर की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित, कुछ र…

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like