कंधों पर सूरज - कविता वाचक्नवी

kavita vaachvanviकविता वाचक्नवी6 Feb 1963

5 min read · 12.4K reads

प्रश्न गाँव औ शहरों के तो
हम पीछे सुलझा ही लेंगे
तुम पहले कंधों पर सूरज
लादे होने का भ्रम छोड़ो ।

चिकने पत्थर की पगडंडी
नदी किनारे जो जाती है
ढालदार है
पेड़, लताओं, गुल्मों के झुरमुट ने उसको
ढाँप रखा है
काई हरी-हरी लिपटी है
कैसे अब महकेंगे रस्ते
कैसे नदी किनारे रुनझुन
किसी भोर की शुभ वेला में
जा पाएगी
कैसे सूनी राह
साँस औ आँख मूँद
पलकें मीचे भी चलता
प्रथम किरण से पहले-पहले
प्रतिक्षण
मंत्र उचारे कोई ?
कैसे कूद-फाँदते बच्चे
धड़-धड़ धड़- धड़ कर उतरेंगे
गाएँगे ऋतुओँ की गीता ?
कैसे हवा उठेगी ऊपर
तपने पर भी ?
कैसे कोई बारिश में भीगेगा हँस कर ?

छत पर आग उगाने वाले
दीवारों के सन्नाटों में
क्या घटता है -
हम पीछे सोचें-सलटेंगे
तुम पहले कंधों पर सूरज
लादे होने का भ्रम छोड़ो ।
kavita vaachvanvi
About the poet

kavita vaachvanvi कविता वाचक्नवी

''महर्षि दयानंद और उनकी योगनिष्ठा'' शोध पुस्तक तथा ''मैं चल तो दूँ' कविता संग्रह प्रकाशित। स्त्री सशक्तीकरण के विविध आयाम तथा दक्षिण भारत कान्यकुब्ज सभा स्मारिका का संपादन। विभिन्न विधाओं में अनेक रचनाएँ देश भर की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित, कुछ र…

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like