सितारे टूटकर गिरना हमें अच्छा नहीं लगता - कविता किरण

कविता किरणकविता किरण17 Sept 1968

3 min read · 12.4K reads

सितारे टूटकर गिरना हमें अच्छा नहीं लगता
गुलों का शाख से झरना हमें अच्छा नहीं लगता।

सफ़र इस जिंदगी का यूँ तो है अँधा सफ़र लेकिन
उमीदें साथ हैं वरना हमें अच्छा नहीं लगता।

थे ताज़ा जब तलक हमको किसी की याद आती थी
पुराने ज़ख्म का भरना हमें अच्छा नहीं लगता।

हमारा नाम भी शामिल हो अब बेखौफ बन्दों में
जहाँ से इस कदर डरना हमें अच्छा नहीं लगता।

मुहब्बत हम करें तेरी इबादत सोचना भी मत
तुम्हारा ज़िक्र भी करना हमें अच्छा नहीं लगता।

भला हो या बुरा अब चाहे जो होना है हो जाये
किरण ये रोज़ का मरना हमें अच्छा नहीं लगता।
कविता किरण
About the poet

कविता किरण

मूल नाम : कविता ग्वालिकर जन्म : 21 Aug 1963 | हैदराबाद, तिलंगाना

View profile & all 43 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like