चिड़िया और आदमी-2 - कौशल किशोर

कौशल किशोरकौशल किशोर1 Sept 1954

5 min read · 12.4K reads

चिड़िया
आदमी के बिस्तर पर
बीट फैला देती थी
आदमी
चिड़िया के घोंसले
उजाड़ देता था
यह उन दिनों की बात है
जब चिड़िया और आदमी
दोनों एक दूसरे के दुश्मन थे

आदमी दिन भर बीट साफ़ करता
चिड़िया तिनका-तिनका जोड़ कर लाती
घोंसले बनाती
एक दिन आदमी ने
चिड़िया के खिलाफ़ मोर्चा बाँधा
चिड़िया चीं-चीं करती रही
आदमी के खिलाफ़
दोनों की आँखों में ख़ून था

एक बार आदमी ने
चिड़िया की आँखों में देखा
दूसरी बार चिड़िया ने
आदमी की आँखों में झाँका
फिर क्या था ?
दोनों एक दूसरे की आँखों में
देखते-झाँकते रहे
झाँकते और देखते रहे
और देखते-देखते
दोनों की आँखों का रंग बदलने लगा
दोनों की मुद्रा बदलने लगी
दोनों की भाषा बदलने लगी

चिड़िया ने पूछा -
वह कौन है जो मेरे पीछे
जाल और पिंजड़ा लिए घूमता है
आदमी ने सवाल किया -
वह कौन है
जो हमें पहनाता है हथकड़ियाँ
भेजता है जेल
चिड़िया ने कहा - नहीं
तुम मेरे दुश्मन नहीं हो
आदमी ने कहा - प्यार
मुझे तुमसे प्यार है
कौशल किशोर
About the poet

कौशल किशोर

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like