या कि होगा - कात्यायनी

Katyayaniकात्यायनी9 May 1959

4 min read · 12.4K reads

एक दिन
पर्यावरण की सुरक्षा पर
कोई कार्यक्रम नहीं हुआ।
जनसंख्या-विस्फोट पर
नहीं प्रकट की गई कोई चिन्ता।
कला की शर्तें
पूरी करने के लिए
नीलामी नहीं बोली गई
सच की, या ईमान की

एक दिन
मृत्यु नहीं हुई किसी कवि की
या कविता की
नहीं बैठा कोई विद्वान
किसी पूर्वज की पीठ पर
न ही कोई पुरस्कार बँटा
न तालियां बजीं।
उस दिन
कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त
करने की
कोई नई कोशिश नहीं हुई
न कोई हत्या, डकैती, राहजनी हुई
न कोई व्यापार-समझौता।
उस दिन
नहीं छपे पूरी दुनिया के अख़बार।

अद्भुत था वह एक दिन
जो नहीं था
वास्तव में कभी
पर सोचते हैं सभी
कि था कभी ऐसा एक दिन
जीने के वास्ते
या कि होगा?
Katyayani
About the poet

Katyayani कात्यायनी

कात्यायनी जन्मः 9 मई 1959; गोरखपुर। विगत पन्द्रह वर्षों के दौरान कुछ समय तक अंशकालिक पत्रकारिता और फिर स्वतन्त्र लेखन। सांस्कृतिक-राजनीतिक और नारी मोर्चे पर सक्रियता। कविताएँ हिन्दी की अधिकांश पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कुछ कविताएँ अंग्रेज़ी, पंजाबी और मराठ…

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like