माँ के लिए एक कविता - कात्यायनी

Katyayaniकात्यायनी9 May 1959

9 min read · 12.4K reads

वहाँ
अभी भी सन्नाटा गाता रहता है
उदास,फीकी धुनों पर
पराजित आत्माओं का गीत।

पीली धूप में
पत्ते झड़ते रहते हैं
जूठे बरतन इन्तज़ार करते रहते हैं
नल के नीचे
शाम होने का।

एक जोड़ी घिसी हुई चप्पलें
थकी-हारी दाख़िल होती हैं घर में
दिन भर की पूरी थकान
शरीर से उतरकर पसर जाती है
घर-आँगन में।

इन्तज़ार आँखों में उतर आता है
उम्मीदों की तरह
कि छोटी-सी लहर की तरह
एक बस्ता उछलता हुआ घर आता है
बरतन में ढँका ठण्डा खाना
मुस्कराने लगता है।

पार्श्व में गूँजता
उदासी का संगीत मद्धिम पड़ जाता है।

दाह-संस्कार से लौटे पाँवों की तरह
आतंक घर में दाख़िल होता है
शाम के अँधेरे के साथ
बल्ब की बीमार रौशनी में
दफ्तर के काग़ज़ात खोलकर बैठ जाता है।

बस्ता बैठा हुआ
सबक याद करने लगता है
पुन: गूँजने लगता है सन्नाटे का वही संगीत
धीरे-धीरे खर्राटों में तब्दील होता हुआ।

एक थकी हुई प्रतीक्षा
बरामदे में निरुद्देश्य घूमती है
चौका-बरतन के काम निबटाने के बाद।

सन्नाटा गाता रहता है
एक उदास बूढ़े भजन की तरह
पराजित आत्माओं का गीत।

तलघर में सफ़ेद बौने राक्षस
सिसकारी भरते हैं
दीवार पर लटकी तस्वीर के पीछे
घोंसला बनाए हुए कबूतर
पंख फड़फड़ाते हैं।

दिन भर के थके हुए हाथ
घूमते हैं आलस भाव से
एक नन्हें शरीर पर
भय को धूल की तरह पोंछते हुए।

प्यार भरी उनींदी -सी लोरी
उम्मीदें गाने लगती है।

जीवन सुगबुगाता है
करवट बदलकर
गले में बाँहें डाल निश्चिन्त हो जाता है।

पार्श्व में गूँजता रहता है
पराजित आत्माओं का वहीं गीत
सपनों पर कालिख़ की तरह छाता हुआ।

चूल्हे की राख की परतों के बीच से
चिंगारियाँ झाँकती रहती हैं
हल्की-सी लाल रोशनी बिखेरती हुईं।
Katyayani
About the poet

Katyayani कात्यायनी

कात्यायनी जन्मः 9 मई 1959; गोरखपुर। विगत पन्द्रह वर्षों के दौरान कुछ समय तक अंशकालिक पत्रकारिता और फिर स्वतन्त्र लेखन। सांस्कृतिक-राजनीतिक और नारी मोर्चे पर सक्रियता। कविताएँ हिन्दी की अधिकांश पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कुछ कविताएँ अंग्रेज़ी, पंजाबी और मराठ…

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like